Breaking
Wed. Aug 19th, 2026

महावीर यादव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, रक्तदान व स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

जमशेदपुर।सीदगोडा थाना के भुइयांडीह के नंद नगर ग्वाला बस्ती स्थित शिव गायत्री मंदिर परिसर में बुधवार को मजदूर नेता एवं समाजसेवी स्वर्गीय महावीर यादव की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा, महा रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा सीतारामडेरा मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी कन्हैया यादव के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान संत निरंकारी मंडल की ओर से सत्संग, भजन और कीर्तन भी प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने स्वर्गीय महावीर यादव के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ की। उपस्थित अतिथियों का अंगवस्त्र, शॉल और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। वक्ताओं ने महावीर यादव के मजदूरों, जरूरतमंदों और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष और सामाजिक योगदान को याद किया।

मुख्य अतिथि जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि महावीर यादव ने मजदूर हितों और सामाजिक सरोकारों के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया। समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनने वाले महावीर यादव अपने कार्यों के कारण हमेशा याद किए जाएंगे।

जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रक्तदान को महादान बताते हुए लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। शिविर में कुल 75 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। ब्रह्मानंद अस्पताल ब्लड बैंक की टीम, चिकित्सकों और संत निरंकारी मंडल के सदस्यों ने आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता अमरप्रीत सिंह काले, विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, टिमकेन यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र प्रसाद, महामंत्री विजय यादव, युवा समाजसेवी शंभु मुखी डूंगरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में कमलेश यादव, लक्ष्मण यादव, वीरेंद्र यादव उर्फ लोहा यादव, अर्जुन यादव, सुनील यादव, अजय यादव, मोहरा यादव, विनोद यादव, सत्येंद्र सिंह, धर्मेंद्र यादव, रौनक कुमार, आयुष कुमार, नरेश यादव, अनिल यादव, मृत्युंजय यादव सहित बस्ती के महिला-पुरुषों और युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Related Post