कुडू – लोहरदगा : कुडू थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता पचम्बा गांव गई हुई थी। वहां से अपने एक मित्र के साथ पैदल घर लौटने के दौरान रास्ते में कुंदों निवासी प्रकाश यादव पिता ब्रजेश यादव और अमित मुंडा पिता जेहला मुंडा ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने पीड़िता के साथ चल रहे युवक को डरा-धमकाकर वहां से भगा दिया और नाबालिग को जबरन जंगल की ओर ले गए। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी और जंगल में ही छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद शनिवार को परिजन उसे लेकर कुडू थाना पहुंचे और दोनों आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। कुडू थाना प्रभारी अजित कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर कांड संख्या 78/26 दर्ज कर लिया गया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
*नाबालिग को जंगल ले जाकर दुष्कर्म, दो युवकों पर मामला दर्ज।*

