Breaking
Mon. Aug 17th, 2026

अशोकधाम मंदिर में करंट की अफवाह से भगदड़, सात श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

लखीसराय। सावन की तीसरी सोमवारी पर लखीसराय के प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सोमवार सुबह अचानक भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया। मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच बिजली का पोल गिरने और उसमें करंट प्रवाहित होने की अफवाह फैल गई। इसके बाद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान भगदड़ में कई श्रद्धालु जमीन पर गिर गए और भीड़ के नीचे दब गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं की मदद से जमीन पर गिरे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों से लखीसराय सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात अशोकधाम स्टेशन से मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते में बिजली का एक पोल तार समेत गिर गया था। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में कांवरिये और श्रद्धालु इसी रास्ते से मंदिर की ओर बढ़ रहे थे। इसी बीच किसी तरह यह बात फैल गई कि गिरे हुए बिजली के पोल में करंट दौड़ रहा है। देखते ही देखते अफवाह ने भय का रूप ले लिया और भीड़ में भगदड़ मच गई।

सावन की तीसरी सोमवारी होने के कारण अशोकधाम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। बड़ी संख्या में कांवरिये भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए पहुंचे थे। भीड़ अधिक होने के कारण अफवाह फैलने के बाद स्थिति तेजी से बेकाबू हो गई।

अशोकधाम मंदिर को श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। यह मंदिर लखीसराय के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां स्थापित विशाल शिवलिंग को लेकर मान्यता है कि यह पाल काल का है और खुदाई के दौरान जमीन से प्राप्त हुआ था। सावन के दौरान मंदिर में बिहार समेत आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सोमवारी के दिन यहां विशेष रूप से भारी भीड़ जुटती है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। हादसे के वास्तविक कारणों और भगदड़ की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

 

Related Post