Breaking
Sun. Aug 16th, 2026

आठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धाभाव से याद किये गए पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी, साकची जिला कार्यालय में भाजपा जमशेदपुर महानगर ने दी श्रद्धांजलि

सांसद विद्युत महतो, विधायक पूर्णिमा साहू समेत कई नेतागणों ने अर्पित की श्रद्धांजलि

जमशेदपुर। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भाजपा के प्रेरणापुंज स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि को भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा पूरे श्रद्धाभाव से मनाया गया। रविवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कृतज्ञ भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अटल जी का भावपूर्ण स्मरण कर उनके चित्र पर श्रदासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बताये आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी के विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा समेत कई वरिष्ठ नेतागण मुख्यरूप से मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने ‘अटल बिहारी वाजपेयी अमर रहे’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाकर अटल जी को याद किया।

इस अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत महतो ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित था और प्रत्येक कण भारत माता के चरणों में अर्पित रहा। उन्होंने याद करते हुए कहा कि 1977 में विदेश मंत्री रहते हुए अटल बिहारी वाजपेयी ने पहली बार संयुक्त राष्ट्र संघ में हिंदी में भाषण दिया और हिंदी को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई। उनकी कार्यशैली सरल, सहज और सिद्धांतनिष्ठ रही। उन्होंने कभी भी मूल विचारों और आदर्शों से समझौता नहीं किया। सांसद विद्युत महतो ने कहा कि 24 दलों के सहयोग से बनी वाजपेयी जी की सरकार ने कॉमन एजेंडा पर काम करते हुए भी देश में चौमुखी विकास सुनिश्चित किया। अटल जी के नेतृत्व में भारत ने 11 मई, 1998 को सफल परमाणु परीक्षण किया, जिसकी भनक तक अमेरिका को नहीं लगी। प्रतिबंधों की धमकी के बावजूद देश स्वावलंबी और आत्मनिर्भर होकर आगे बढ़ा।

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के देशनिर्माण में किये गए योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने देश की अखंडता को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। उनके आदर्शों पर चलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तरक्की और उन्नति की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड प्रदेश का निर्माण भी अटल जी की देन है। दशकों तक चले आंदोलन के बाद उनके अटल इरादों के कारण झारखंड अस्तित्व में आया। उनका राजनीतिक जीवन दर्शन, सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने जिस विचारधारा के साथ कार्य किया, उनका अनुसरण कर हमें निरंतर आगे बढ़ना है।

 

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, दिनेश कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश शुक्ल, मनोज सिंह, राजन सिंह, अमरप्रीत सिंह काले, मिथिलेश सिंह यादव, कुलवंत सिंह बंटी, रीता मिश्रा, जिला पदाधिकारी बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, जितेंद्र राय, रीना चौधरी, काली शर्मा, संजीव कुमार, अखिल सिंह, बिनोद सिंह, उज्ज्वल सिंह, राकेश दुबे, मंडल अध्यक्ष बिनोद राय, अमित मिश्रा, विकास शर्मा, नीरज शर्मा, सुमित शर्मा, उपेंद्र गिरी, धर्मेंद्र प्रसाद, श्वेता कुमारी, शशांक शेखर, राजपति देवी, अजय श्रीवास्तव, किरण सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post