Breaking
Sun. Aug 16th, 2026

टाटानगर स्टेशन पर फहरा उठा विशाल तिरंगा, रेल सिविल डिफेंस ने तीन गणमान्य लोगों को किया सम्मानित

जमशेदपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में रेल सिविल डिफेंस टीम की ओर से भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। स्टेशन के मुख्य द्वार के प्रांगण में शहर के सबसे ऊंचे और बड़े 30×20 फीट के राष्ट्रीय तिरंगे का ध्वजारोहण किया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक समीर सौरभ ने इलेक्ट्रॉनिक बटन दबाकर तिरंगा फहराया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय प्रबंधक डॉ. निक्की आनंद और अति विशिष्ट अतिथि स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार मौजूद रहे।

कार्यक्रम की रूपरेखा और मंच संचालन सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने किया। ध्वजारोहण के बाद रेल सिविल डिफेंस के जवान कल्याण कुमार साहू, संजय कुमार और विक्की यादव ने परेड मार्च किया। रेल सुरक्षा सशस्त्र बल की टुकड़ी का नेतृत्व राजवीर कुमार ने किया, जबकि सिविल डिफेंस टीम का नेतृत्व शंकर कुमार प्रसाद ने किया। जवानों और उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।

समारोह के दौरान सुरक्षा, संरक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले तीन गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया। सामाजिक क्षेत्र में साहसिक कार्य और विशिष्ट योगदान के लिए टाटा स्टील के सुरक्षा विभाग में सब-इंस्पेक्टर मजहरूल बारी और उदितवाणी के संवाददाता दीप पॉल चौधुरी को सम्मानित किया गया। वहीं, ट्रेन परिचालन में समयबद्धता तथा सुरक्षा और संरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए चीफ यार्ड मास्टर श्याम बहादुर को सम्मान प्रदान किया गया।

इसके अलावा रेलवे स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था में लगातार नौ वर्षों से योगदान देने के लिए रोटरी क्लब दलमा के सदस्यों को भी रेल सिविल डिफेंस की ओर से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में स्टेशन पर कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी, कुली, टैक्सी एवं मैक्सी चालक दल के अलावा बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे। सभी ने एक साथ राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान में भाग लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। समारोह के अंत में स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

Related Post