Breaking
Tue. Aug 11th, 2026

मानगो फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर हादसा, ऊंचाई से गिरकर 71 वर्षीय मजदूर की मौत

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर सोमवार रात काम के दौरान हुए हादसे में 71 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के डालकोला निवासी रमेश महतो के रूप में हुई है। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

बताया गया कि रमेश महतो पायल सिनेमा और वन विभाग के समीप निर्माणाधीन फ्लाईओवर के ऊपरी हिस्से में काम कर रहे थे। इसी दौरान वह सिर पर टिन शेड लेकर ऊपरी हिस्से से वापस लौट रहे थे। अचानक पैर फिसलने के कारण वह फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद निर्माण स्थल पर मौजूद अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूर तत्काल रमेश महतो को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों और मजदूरों के लिए उपलब्ध सुरक्षा इंतजामों की भी चर्चा शुरू हो गई है।

Related Post