जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान के समीप सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि युवक आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और युवक सड़क पर गिरकर ट्रेलर के नीचे आ गया। ट्रेलर का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। शव को फिलहाल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।
थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद के अनुसार मृतक के पास से ऐसी कोई पहचान संबंधी सामग्री नहीं मिली है, जिससे उसकी तत्काल पहचान हो सके। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ अन्य थानों से भी संपर्क कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

