Breaking
Sun. Aug 9th, 2026

वसुंधरा स्टेट के जर्जर मकान में ब्राउन शुगर की बिक्री का खुलासा, दो गिरफ्तार

जमशेदपुर। ओलीडीह ओपी क्षेत्र में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वसुंधरा स्टेट के आसपास स्थित एक जर्जर मकान में छापेमारी कर 2.5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। बरामद ब्राउन शुगर को 36 छोटी पुड़ियों में पैक कर रखा गया था। पुलिस ने मौके से एप्पल कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

ओलीडीह थाना प्रभारी मोहम्मद शारिक अली के अनुसार रविवार 9 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि वसुंधरा स्टेट मैदान के आसपास स्थित एक जर्जर मकान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के आदेश पर तथा पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद जर्जर मकान में दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक युवक को कथित रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री करते हुए पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से कागज की पुड़ियों में छिपाकर रखा गया 2.5 ग्राम ब्राउन शुगर मिला। पुलिस के अनुसार नशीले पदार्थ को बिक्री के लिए 36 छोटी पुड़ियों में तैयार किया गया था। इसके अलावा युवक के पास से एक एप्पल मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।

पुलिस ने गिरफ्तार युवक से पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर ब्राउन शुगर उपलब्ध कराने वाले दूसरे व्यक्ति के बारे में जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक सुजल कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह राहुल कुमार साहू के कहने पर ब्राउन शुगर बेच रहा था और बिक्री के लिए नशीला पदार्थ राहुल ने ही उसे उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस टीम ने राहुल कुमार साहू को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान सुजल कुमार, निवासी ओल्ड सुभाष कॉलोनी और राहुल कुमार साहू, निवासी रिपीट कॉलोनी, वसुंधरा स्टेट क्षेत्र के रूप में की है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाया गया था और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।

Related Post