Breaking
Sun. Aug 9th, 2026

जमीन-जायदाद के विवाद में पोते ने दादी पर किया जानलेवा हमला, टीएमएच में मौत

चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्टेशन बस्ती स्थित शिवपुरी कॉलोनी में रविवार को जमीन-जायदाद और रुपये के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि 67 वर्षीय सेवानिवृत्त एएनएम सुप्रीति मजुमदार पर उनके पोते बिक्की गोस्वामी ने धारदार लोहे के औजार से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पोता मौके से फरार हो गया।

बताया जाता है कि रविवार सुबह करीब 10 बजे सुप्रीति मजुमदार अपने घर में कुर्सी पर बैठकर अखबार पढ़ रही थीं। इसी दौरान उनका पोता बिक्की गोस्वामी वहां पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद जमीन-जायदाद और रुपये से जुड़ा था। बातचीत के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि आरोप है कि बिक्की ने लोहे के धारदार औजार से अपनी दादी के सिर पर हमला कर दिया।

हमले में सुप्रीति मजुमदार के सिर पर गंभीर चोट लगी और वह कुर्सी से नीचे गिर पड़ीं। घटना के बाद घर में मौजूद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जमशेदपुर के टीएमएच रेफर कर दिया।

परिजन उन्हें तत्काल टीएमएच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया। हालांकि हालत गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे जमीन-जायदाद और रुपये का विवाद सामने आ रहा है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस आरोपी बिक्की गोस्वामी की तलाश कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Post