जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ नेता सुधीर महतो की शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को स्मरण किया गया तथा झारखंड के विकास और आम लोगों के हित में उनके कार्यों को रेखांकित किया गया।
मानवाधिकार सहयोग संघ की महिला जिला अध्यक्ष चरनजीत कौर भाटिया ने सुधीर महतो को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड के विकास के साथ-साथ आम लोगों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और सामाजिक सरोकारों से जुड़ाव उन्हें अलग पहचान देता है।
चरनजीत कौर भाटिया ने कहा कि सुधीर महतो का राजनीतिक और सामाजिक योगदान लंबे समय तक याद किया जाता रहेगा। उनके विचार, संघर्ष और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
इस अवसर पर सुधीर महतो की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

