Breaking
Sat. Aug 8th, 2026

9 अगस्त को जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक, आदिवासी दिवस पर सेमिनार का आयोजन

चाईबासा: जिला कांग्रेस कमिटी, पश्चिमी सिंहभूम की ओर से 9 अगस्त 2026, रविवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की मासिक बैठक के साथ विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह महासचिव त्रिशानु राय ने बताया कि सेमिनार का विषय “आदिवासी अधिकार, जीवन दर्शन एवं पंचायत एक्सटेंशन टू शेड्यूल एरिया” रखा गया है। कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव संगठन एवं प्रशिक्षण सुनीत शर्मा, पूर्व मंत्री देवेंद्र नाथ चांपिया, जिला प्रभारी सह प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र सोनकर, पूर्व जिला अध्यक्ष सन्नी सिंकु, चंद्रशेखर दास सहित प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वहीं जगन्नाथपुर विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने भी कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है।

सेमिनार में आदिवासी अधिकार, आदिवासी जीवन दर्शन, जल-जंगल-जमीन से जुड़े अधिकार, ग्रामसभा की भूमिका तथा पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम यानी पेसा कानून के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

त्रिशानु राय ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, स्वशासन व्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों के साथ उसका सदियों पुराना संबंध झारखंड की पहचान का अभिन्न हिस्सा है। विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि आदिवासी अधिकारों, संवैधानिक प्रावधानों और उनके सम्मान एवं संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर भी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस आदिवासी समाज के अधिकार, सम्मान, सामाजिक न्याय और संवैधानिक संरक्षण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है। सेमिनार के माध्यम से पेसा कानून की मूल भावना, ग्रामसभा की संवैधानिक भूमिका तथा आदिवासी समुदायों के अधिकारों पर सार्थक चर्चा की जाएगी।

Related Post