Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

चेंगेल यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के कारण कई ट्रेनें रहेंगी रद्द और पुनर्निर्धारित, दक्षिण पूर्व रेलवे ने जारी की सूचना

चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के चेंगेल (सीजीए) यार्ड में रीमॉडलिंग कार्य के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्यक्रम के तहत 28 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक 13 दिनों का प्री-एनआई कार्य तथा 11 अक्टूबर 2026 (रविवार) को छह घंटे का नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान चार घंटे तक सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली का डिस्कनेक्शन तथा दो घंटे का पूर्ण ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। इस महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना कार्य के कारण अनेक यात्री ट्रेनों के परिचालन पर अस्थायी प्रभाव पड़ेगा।

रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस अवधि में बड़ी संख्या में हावड़ा, खड़गपुर, मेदिनीपुर, पांशकुड़ा, मचेदा और उलूबेरिया सेक्शन की ईएमयू एवं मेमू लोकल ट्रेनों को विभिन्न तिथियों में रद्द किया गया है। इसके अलावा हावड़ा-बारबिल जनशताब्दी एक्सप्रेस (12021/12022), हावड़ा-कांताबांजी इस्पात एक्सप्रेस (22861/22862), जूनागढ़ रोड-हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस (12872), शालीमार-बोकारो एक्सप्रेस (12885/12886), हावड़ा-दिघा एक्सप्रेस (12857/12858), हावड़ा-पुरी एक्सप्रेस (12837/12838), हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस (18005/18006), हावड़ा-चक्रधरपुर एक्सप्रेस (18011/18012), हावड़ा-बोकारो स्टील सिटी एक्सप्रेस (18013/18014), रांची-बोकारो पैसेंजर (58034), बोकारो-रांची पैसेंजर (58033) तथा संतरागाछी-पुरुलिया एक्सप्रेस (12883/12884) सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन भी निर्धारित तिथियों में रद्द रहेगा।

शुक्रवार को रेल प्रशासन ने यह भी बताया कि कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों से निर्धारित समय से विलंब से चलाया जाएगा। इनमें डिब्रूगढ़-कन्याकुमारी विवेक एक्सप्रेस (22504), गुवाहाटी-सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल एक्सप्रेस (12510), सिलचर-कोयंबटूर एक्सप्रेस (12516), हावड़ा-फलकनुमा एक्सप्रेस (12703), तिनसुकिया-सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल एक्सप्रेस (22502), लोकमान्य तिलक टर्मिनस-शालीमार एक्सप्रेस (12101), पुणे-हावड़ा एक्सप्रेस (12129), सीएसएमटी-हावड़ा एक्सप्रेस (12809), पोरबंदर-संतरागाछी एक्सप्रेस (12949), पुरी-कामाख्या एक्सप्रेस (15643), हटिया-हावड़ा एक्सप्रेस (18616), हावड़ा-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस (20871), हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस (22895) तथा हावड़ा-हल्दिया ईएमयू लोकल (38051) शामिल हैं। इन ट्रेनों को एक घंटे से लेकर सात घंटे तक पुनर्निर्धारित किया गया है।

दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद है, लेकिन यह कार्य भविष्य में ट्रेनों के सुरक्षित, समयबद्ध और अधिक सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है।

Related Post