Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

जमशेदपुर: केरला समाजम मॉडल स्कूल में एंटरप्रेन्योरशिप क्लब का शुभारंभ, छात्रों में नवाचार और उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा

जमशेदपुर: गोलमुरी स्थित केरला समाजम मॉडल स्कूल (केएसएमएस) में बुधवार को NEC Jr., जो ई-सेल, आईआईटी बॉम्बे की एक पहल है, के सहयोग से एंटरप्रेन्योरशिप क्लब का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में रचनात्मकता, नवाचार और उद्यमशील सोच को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या रीना बनर्जी, हेडमिस्ट्रेस सुजाता सिंह तथा वाणिज्य विभागाध्यक्ष सैकत नंदी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद आयोजित ओरिएंटेशन सत्र में विद्यार्थियों को क्लब के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और इससे मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी गई। छात्रों को बताया गया कि क्लब के माध्यम से उन्हें आइडिएशन, विभिन्न गतिविधियों, कार्यशालाओं और व्यावहारिक अनुभवों के जरिए उद्यमिता से जुड़ी आवश्यक कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।

इस पहल का संचालन सरबजीत कौर और संदीप भोगल करेंगे। दोनों शिक्षक क्लब की गतिविधियों का मार्गदर्शन करते हुए विद्यार्थियों को उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान क्लब की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। इसमें आइडिएशन चैलेंज, कार्यशालाएं, मेंटरिंग सत्र, बिजनेस गतिविधियां तथा विभिन्न उद्यमिता परियोजनाओं और प्रतियोगिताओं में भागीदारी जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, एंटरप्रेन्योरशिप क्लब की शुरुआत स्कूल में नवाचार, पहल और उद्यमशीलता की संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे छात्रों में समस्या समाधान की क्षमता विकसित होगी और वे भविष्य के सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित होंगे।

कार्यक्रम का समापन सुदीपा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Post