Breaking
Tue. Aug 4th, 2026

24 घंटे में महिला से बैग छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने लूटा गया पूरा सामान किया बरामद

चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर थाना क्षेत्र में महिला से बैग छीनने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी के साथ-साथ पीड़िता का पूरा सामान भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूडी ने बताया कि 2 अगस्त को बड़ी बाजार हिन्दू चौक स्थित कुम्हार टोली निवासी रितु टोप्पो ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि स्कूटी पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया था। बैग में मोबाइल फोन, नकद राशि और अन्य आवश्यक सामान रखा हुआ था। शिकायत के आधार पर सदर थाना कांड संख्या 74/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 अगस्त को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कनकौसी उरांव साई निवासी 24 वर्षीय जितेन्द्र कच्छप उर्फ बच्चा उरांव तथा कुर्सी निवासी 23 वर्षीय पुरुषोत्तम हॉसदा उर्फ डाकुआ के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त नीले रंग की स्कूटी (जेएच-05डीटी-3466), रेडमी नोट-8 मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद, काला लेडीज बैग, पावर चश्मा तथा लाल रंग का छोटा लेडीज पर्स बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता से छीना गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।

इस कार्रवाई में सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक हीरालाल महतो के नेतृत्व में उप निरीक्षक उपेन्द्र नारायण सिंह, केशव कुमार मेहता, श्रीकांत कुमार, अजीत होनहागा तथा सहायक अवर निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

Related Post