Breaking
Mon. Aug 3rd, 2026

सीएसआईआर-एनएमएल और ओसवाल इंजीनियरिंग के बीच हुआ करार, विकसित होंगे स्वदेशी प्रमाणित संदर्भ पदार्थ

जमशेदपुर। वैज्ञानिक अनुसंधान एवं औद्योगिक गुणवत्ता को नई दिशा देने की पहल के तहत सोमवार को सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर और मेसर्स ओसवाल इंजीनियरिंग एंड केमिकल कंपनी, जमशेदपुर के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य विभिन्न ग्रेड के कोयला तथा बेंजोइक एसिड के लिए प्रमाणित संदर्भ सामग्री (Certified Reference Materials-CRM) का स्वदेशी विकास करना है।

समझौते के तहत तैयार किए जाने वाले प्रमाणित संदर्भ पदार्थों का उपयोग देशभर की कोयला खदान प्रयोगशालाओं, विश्लेषणात्मक प्रयोगशालाओं, इस्पात एवं फेरो अलॉय उद्योगों, ताप विद्युत संयंत्रों तथा विभिन्न सरकारी नियामक प्रयोगशालाओं में गुणवत्ता नियंत्रण सामग्री के रूप में किया जाएगा। इससे परीक्षण प्रक्रियाओं की सटीकता, विश्वसनीयता और मानकीकरण को बढ़ावा मिलेगा।

यह पहल केंद्र सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को मजबूती देने वाली मानी जा रही है। स्वदेशी स्तर पर उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित संदर्भ पदार्थ विकसित होने से आयात पर निर्भरता घटेगी और देश में परीक्षण, गुणवत्ता आश्वासन तथा औद्योगिक अनुसंधान की क्षमता और मजबूत होगी।

समझौता हस्ताक्षर समारोह में सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी सहित डॉ. एस. के. पाल, डॉ. ए. के. उपाध्याय, सुश्री रूपा दास बिस्वास, डॉ. राजेन कुंडू, डॉ. बीना, डॉ. मोहम्मद आरिफ एवं श्री सरोज कुमार उपस्थित रहे।

Related Post