चाईबासा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) चाईबासा की ओर से 90 दिवसीय विशेष कानूनी जागरूकता अभियान के तहत झींकपानी स्थित संचार वृद्धाश्रम में विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए चाईबासा मौहम्मद शाकिर तथा सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर में नालसा की वृद्धजन कल्याण योजना के तहत आश्रम में रह रहे बुजुर्गों को उनके कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई। प्राधिकार द्वारा संचालित एलएडीसी (लीगल एड डिफेंस काउंसिल) से सहायक एलएडीसी पूजा चौरसिया ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनके परिजनों की जानकारी ली तथा उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता और उनके अधिकारों के संबंध में जागरूक किया।
पूजा चौरसिया ने निर्देशानुसार वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के रहन-सहन एवं खानपान की व्यवस्था का भी जायजा लिया।
शिविर में पीएलवी सोमा बोस और ननकु मुंडा ने भी भाग लिया। उन्होंने बुजुर्गों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

