Breaking
Mon. Aug 3rd, 2026

उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण में अनियमितता की जांच की मांग, दोषियों पर कार्रवाई हो: चंद्र मोहन गोप

नोवामुंडी: नोवामुंडी प्रखंड के पेटेता पंचायत अंतर्गत ग्राम पेटेता टोला संगागुटू में निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा प्रखंड अध्यक्ष चंद्र मोहन गोप ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपकर उच्चस्तरीय जांच एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

चंद्र मोहन गोप ने बताया कि 13 जुलाई को इस मामले में समाचार प्रकाशित होने के बाद भी निर्माण कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भवन निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। फाउंडेशन की जुड़ाई लाल ईंट से किए जाने के बजाय डस्ट का उपयोग किया गया है। इसके अलावा मजदूरों को निर्धारित दर से कम मजदूरी देने, दूसरे राज्य से मजदूर बुलाकर कार्य कराने तथा निर्माण स्थल पर योजना एवं प्राक्कलित राशि से संबंधित सूचना बोर्ड नहीं लगाए जाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। इन मामलों को लेकर कार्यपालक अभियंता एवं संवेदक की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पेटेता तथा समीपवर्ती सुकरीपाड़ा गांव में मलेरिया का प्रकोप बढ़ा है। ऐसे में निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा साबित होगा। इसलिए इसके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।

चंद्र मोहन गोप ने बताया कि सभी तथ्यों के साथ उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपकर निर्माणाधीन उप स्वास्थ्य केंद्र की अविलंब उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी अभियंताओं, संवेदक और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

मौके पर भाजपा जिला महामंत्री भूषण पाट पिंगुवा, जगन्नाथपुर के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष राई भूमिज, भाजपा मीडिया प्रभारी विनीत कुमार गोप तथा मुकेश दास ने भी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग का समर्थन किया।

Related Post