Breaking
Mon. Aug 3rd, 2026

चतरा में अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त, 3700 बोतल शराब बरामद बिहार तस्करी के लिए जा रही थी खेप, पुलिस का पीछा करते ही पलटा ट्रक तस्करों ने छापेमारी टीम को किया कुचलने का प्रयास

चतरा : चतरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 3700 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। शराब की यह खेप ट्रक में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी।

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने सोमवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक ट्रक से तस्करी के उद्देश्य से भारी मात्रा से शराब बिहार की ओर ले जाया जा रहा है। उक्त सूचना पर उनके नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुअनि राहुल सिंह, सअनि रवि रंजन कुमार व प्रवीण कुमार शामिल थे। टीम ने शेरेगड़ा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ट्रक चालक ने पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया। पुलिस की वाहन जांच से बचने के प्रयास में ट्रक चालक तेज रफ्तार से भाग निकला, लेकिन कुछ ही दूरी पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में छिपाकर रखी गई शराब सड़क पर बिखर गई। एसडीपीओ ने बताया कि ट्रक के माध्यम से भारी मात्रा में अवैध शराब चतरा होते हुए बिहार भेजी जा रही है।

पुलिस को देखकर भागा चालक, पीछा करने पर पलटा ट्रक

वाहन जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा। पुलिस ने जब उसे रोकने का संकेत दिया तो चालक वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भाग निकला। इसके बाद पुलिस टीम ने ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। भागने के क्रम में संघरी घाटी मोड़ के पास चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना का फायदा उठाकर चालक फरार हो गया।

धान के भूसे में छिपाकर की जा रही थी शराब की तस्करी

पुलिस जब दुर्घटनास्थल पर पहुंची तो ट्रक का डाला धान के भूसे से भरा हुआ मिला। जांच के दौरान पता चला कि भूसे के नीचे बड़ी संख्या में शराब की पेटियां छिपाई गई थीं। ट्रक पलटने के कारण भूसा हट गया और शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए बेहद शातिर तरीके से शराब को भूसे के अंदर छिपाया था।

ट्रक नंबर के आधार पर तस्करों की तलाश

एसडीपीओ ने बताया कि जांच के दौरान 3700 बोतल शराब बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत 16 लाख रुपये आंकी जा रही है। ट्रक चालक घटना के बाद फरार हो गया है। ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तस्करों की पहचान की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप किस राज्य से लाई गई थी और बिहार में किस गिरोह तक पहुंचाई जानी थी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच चल रही है। फरार चालक और शराब तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।

Related Post