Breaking
Mon. Aug 3rd, 2026

बोकारो में ब्राउन शुगर तस्कर गिरफ्तार, दो पुड़िया नशीला पदार्थ और 8,450 रुपये नकद बरामद

बोकारो। जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत माराफारी थाना पुलिस ने एक ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पुड़िया ब्राउन शुगर और नशीले पदार्थ की बिक्री से प्राप्त 8,450 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान माराफारी थाना क्षेत्र के दुमरो गांव निवासी 50 वर्षीय गनी अंसारी के रूप में हुई है। इस संबंध में माराफारी थाना कांड संख्या 71/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) और 22(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) पवन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी ब्राउन शुगर की पुड़ियां लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिक्री करने निकला है। सूचना के आधार पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और आरोपी की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से दो पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कुल 20 पुड़िया ब्राउन शुगर लेकर निकला था, जिनमें से 18 पुड़िया पहले ही बेच चुका था। उसने प्रत्येक पुड़िया की कीमत लगभग 600 रुपये बताई। पुलिस ने उसकी दूसरी जेब से बिक्री से प्राप्त 8,450 रुपये नकद भी बरामद किए।

डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी को ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से हो रही थी। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Post