गोड्डा। जिले में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गोड्डा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महागामा थाना क्षेत्र में चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक गोड्डा को गुप्त सूचना मिली थी कि महागामा थाना क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने सूचना के आधार पर महागामा थाना क्षेत्र के समरी गांव स्थित अनिल यादव के घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की, जिसका चेसिस नंबर घिसा हुआ पाया गया। पुलिस ने मौके से अनिल यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की बाइक खरीदने और बेचने का काम करता था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने समरी गांव स्थित एक झोपड़ी में छापेमारी की, जहां से चोरी की तीन अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं। इस तरह कुल चार चोरी की बाइक पुलिस ने जब्त की हैं। बरामद वाहनों के संबंध में पुलिस उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाने के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस संबंध में महागामा थाना में कांड संख्या 147/26 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विस्तृत अनुसंधान किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महागामा थाना क्षेत्र के समरी गांव निवासी 22 वर्षीय अनिल यादव, पिता चैतु यादव, के रूप में हुई है।
इस पूरी कार्रवाई में महागामा थाना के पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार पाल, पुलिस अवर निरीक्षक द्वारिका प्रसाद, सहायक अवर निरीक्षक खालिद अहमद खां, रिजर्व गार्ड तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

