जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में रविवार रात हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। हमले में आफताब नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस्ती निवासी बंधु नामक व्यक्ति ने किसी बात को लेकर आफताब पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग में आफताब को तीन गोलियां लगीं, जिनमें एक गोली उसकी पीठ में और दो गोलियां पेट में लगी हैं। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद मुस्लिम बस्ती में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

