Breaking
Sun. Aug 2nd, 2026

फर्जी आईडी बनाकर 87 हजार की साइबर ठगी, जांच में जुटी पुलिस

चतरा: साइबर अपराधियों ने अब सोशल मीडिया को ठगी का नया हथियार बना लिया है। हंटरगंज थाना क्षेत्र के खूटहेरा गांव में फर्जी आईडी बनाकर एक युवक से 87 हजार रुपये की साइबर ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। साइबर ठगों ने गांव के ही सूर्यभान साव के नाम पर फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उनके दोस्तों और रिश्तेदारों को इमरजेंसी का हवाला देकर रुपये मांगने शुरू कर दिए। झांसे में आकर दो लोगों ने कुल 87 हजार रुपये ठगों के खाते में भेज दिए।

पीड़ित ने बताया कि वह ओमान में मजदूरी करता है और छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ है। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी तस्वीर लगाकर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट तैयार कर लिया। इसके बाद आरोपी ने मैसेंजर और व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों को संदेश भेजकर तत्काल पैसों की जरूरत बताई और साथ में QR कोड भेजकर ऑनलाइन भुगतान कराने लगा।

इस धोखाधड़ी में प्रिंस कुमार ने 27 हजार रुपये तथा अब्दुल्ला खान ने 60 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब बाद में बातचीत हुई तो पूरे मामले का खुलासा हुआ और सभी के होश उड़ गए।

घटना के बाद सूर्यभान साव ने हंटरगंज थाना में लिखित शिकायत देकर साइबर ठगों की पहचान कर गिरफ्तारी करने के साथ-साथ ठगी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके नाम से सोशल मीडिया पर यदि कोई पैसे मांगे तो बिना पुष्टि किए किसी भी हालत में रुपये न भेजें।

पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Related Post