Breaking
Sat. Oct 24th, 2026

डोसे में कथित कॉकरोच मिलने से अन्ना किचन में मचा हड़कंप, ग्राहक ने जताई नाराजगी

जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित राम मंदिर परिसर में संचालित अन्ना किचन में रविवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक ग्राहक ने अपने डोसे में कथित तौर पर कॉकरोच मिलने का आरोप लगाया। भोजन के दौरान ग्राहक की नजर डोसे में मौजूद संदिग्ध कीट पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत खाना छोड़ दिया और इसकी शिकायत रेस्टोरेंट प्रबंधन से की।

घटना की जानकारी मिलते ही रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य ग्राहकों ने भी नाराजगी जताई। कई लोगों ने भोजन की गुणवत्ता और रसोई की साफ-सफाई पर सवाल उठाते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की। कुछ ग्राहकों ने कहा कि इस तरह की लापरवाही लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है और ऐसे मामलों में नियमित निरीक्षण होना चाहिए।

मामले पर अन्ना किचन के संचालक राजू भाई ने घटना पर खेद व्यक्त करते हुए स्वीकार किया कि रेस्टोरेंट से चूक हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए रसोई की स्वच्छता, खाद्य सामग्री की जांच और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा।

Related Post