Breaking
Thu. Jul 30th, 2026

15 अगस्त से पहले डुमरिया को मिलेगा नया 30 बेड का अस्पताल, विधायक संजीव सरदार ने लिया निर्माण कार्य का जायजा

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे 30 बेड के नए अस्पताल का उद्घाटन 15 अगस्त से पहले किए जाने की तैयारी है। गुरुवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने भालुकपातड़ा मौजा स्थित अस्पताल भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि मानसून सत्र समाप्त होने के बाद अस्पताल का विधिवत उद्घाटन कर इसे आम जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल के शुरू होने से डुमरिया प्रखंड की 10 पंचायतों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी और इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

विधायक ने अस्पताल के लिए जल्द ही एक शव वाहन उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगभग 9.5 लाख रुपये की लागत से कार्य कराया जा रहा है, जो अंतिम चरण में है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि अस्पताल तक विद्युत आपूर्ति शुरू करने के साथ ही ट्रांसफॉर्मर तक भूमिगत केबल बिछाने का काम भी एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

संजीव सरदार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता अस्पताल को पूरी तरह तैयार कर जल्द से जल्द लोगों के उपयोग के लिए शुरू कराना है, ताकि क्षेत्र के ग्रामीणों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी निलेश कुमार मुर्मू, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. पाराव माझी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मनीष बारी, मिर्ज़ा सोरेन, भगत बास्के समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Post