जमशेदपुर। बागबेड़ा थाना में एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, जबरन गर्भपात, अप्राकृतिक यौनाचार, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने, जेवरात हड़पने और घर से निकाल देने सहित कई गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बागबेड़ा निवासी स्नेहा सिंह ने अपनी शिकायत में बताया है कि उनकी शादी 13 दिसंबर 2016 को बिहार के भोजपुर जिला अंतर्गत आरा निवासी राकेश कुमार गौरव से हुई थी। शिकायत के अनुसार विवाह से पूर्व उनके पिता ने कथित रूप से पांच लाख रुपये बैंक खाते में स्थानांतरित किए थे, जबकि विवाह के दौरान लगभग दस लाख रुपये मूल्य के जेवरात और अन्य सामान भी दिए गए थे। इसके बावजूद शादी के कुछ माह बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दस लाख रुपये की मांग करते हुए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2019 में पुत्र के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई। पति, सास, जेठ, जेठानी तथा परिवार के अन्य सदस्य लगातार मायके से दस लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे। रुपये नहीं लाने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी, भोजन तक बंद कर दिया गया और उसे बच्चे के साथ परिवार से अलग रहने को मजबूर किया गया। नौकरी शुरू करने के बाद भी पति उसके वेतन की राशि जबरन अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लेता था।
प्राथमिकी में महिला ने पति पर गंभीर यौन उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं। शिकायत के अनुसार पति शराब के नशे में उसके साथ जबरन अप्राकृतिक यौनाचार करता था, अश्लील फिल्में दिखाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाता था और उसका वीडियो बनाकर सहकर्मियों एवं रिश्तेदारों के बीच वायरल करने की धमकी देता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी, जबकि ससुराल के अन्य सदस्य भी उसका साथ देने के बजाय उसे ही प्रताड़ित करते थे।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि वर्ष 2023 में पटना स्थित अस्पताल में जबरन उसका गर्भपात कराया गया। इसके अलावा कई बार दवा देकर गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पति के अन्य महिलाओं से संबंध थे और उस पर भी गलत कार्य करने का दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।
प्राथमिकी के अनुसार 7 अगस्त 2025 को जब वह अपने ससुराल पहुंची तो उसके साथ मारपीट कर घर में घुसने नहीं दिया गया और उसके जेवरात, कपड़े तथा अन्य सामान भी छीन लिए गए। वर्तमान में वह अपने मायके में रह रही है। महिला का आरोप है कि आज भी पति फोन पर गाली-गलौज कर दस लाख रुपये लाने की मांग करता है और रुपये मिलने पर ही घर में रखने की बात कहता है। उसने पुलिस को बताया है कि उसके पास अपने आरोपों से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्य उपलब्ध हैं।
महिला की शिकायत पर बागबेड़ा थाना में पति राकेश कुमार गौरव, सास शांति देवी, जेठ कौशल कुमार सिंह, जेठानी प्रीति सिंह और दिव्या सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

