चाईबासा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पश्चिम सिंहभूम जिला समिति की विशेष बैठक सोमवार को डोबरोसाई स्थित सनसाईन रेस्टोरेंट के सभागार में जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 4 अगस्त 2026 को पद्मभूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर चाईबासा-टाटा बाईपास चौक पर उनकी आदमकद प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि बाईपास चौक पर प्रतिमा स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है और अनावरण कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
बैठक में विधायक निरल पुरती, चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी ऊरांव, पार्टी के केंद्रीय सदस्य, जिला समिति के पदाधिकारी, विभिन्न वर्ग संगठनों के अध्यक्ष और सचिव तथा सभी प्रखंड एवं नगर इकाइयों के अध्यक्ष और सचिव उपस्थित रहे।
बैठक में मझगांव में हाल ही में स्कूली बच्चों एवं अन्य लोगों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद उत्पन्न स्थिति पर भी चर्चा की गई। इस मामले में जिला प्रशासन से मिलने का निर्णय लिया गया। बैठक के बाद जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम के नेतृत्व में झामुमो का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त की अनुपस्थिति में अपर उपायुक्त से मिला और अपनी बात रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से सामाजिक समरसता और भाईचारा बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। साथ ही कहा कि ऐसी घटनाओं का लाभ उठाकर कोई भी अवसरवादी ताकत जिले का शांतिपूर्ण माहौल खराब न कर सके। झामुमो नेताओं ने स्थानीय पुलिस से संवेदनशील मामलों में बिना किसी दबाव के निष्पक्ष और कानून के अनुसार कार्रवाई करने की भी मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में राहुल आदित्य, दीपक कुमार प्रधान, दिनेश चन्द्र महतो, प्रेम मुण्डरी, लखन बोदरा, शंकर निषाद, मानाराम कुदादा, मनोज लागुरी, निसार हुसैन डोगर, मो. मोजाहिद, दिलबर हुसैन, मो. शाहिद और अनुज पुरती सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

