जमशेदपुर: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम की ओर से रविवार को गोलमुरी स्थित केरला समाजम ऑडिटोरियम में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। देशभक्ति और वीर जवानों के सम्मान को समर्पित इस कार्यक्रम में करीब एक हजार लोगों ने भाग लिया।
समारोह की मुख्य अतिथि विधायक पूर्णिमा साहू थीं। वहीं ब्रिगेडियर रणविजय सिंह, ब्रिगेडियर शेखावत और सोनारी आर्मी कैंप के प्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा में पूर्व सैनिकों, शहीदों और उनके परिवारों का योगदान हमेशा सम्मान और गर्व का विषय रहेगा।
इस अवसर पर वीर नारियों, शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को अंगवस्त्र, पौधा और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में इमिलियानी एक्का, मिला उरांव, सहदेव महतो, गौरी देवी, पुष्पा देवी, सुनिता शर्मा, शोभा कुंकल, पी. पदमजा, सविता कुमारी, सीमा देवी, प्रियंका शर्मा, पूनम सिंह, शिवानी टुडू और दुर्गावती देवी शामिल रहीं।
कार्यक्रम में देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ सराहा।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व सैनिक सेवा परिषद, पूर्वी सिंहभूम के जिला महामंत्री सुशील कुमार सिंह ने किया।

