जमशेदपुर। ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप बिहार और बनारस भेजने की साजिश को सीतारामडेरा थाना पुलिस ने विफल करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 33 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 16.5 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। मामले में पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुट गई है।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने बताया कि 26 जुलाई की रात करीब 8:15 बजे सीतारामडेरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-5 स्थित शौचालय के पास कुछ युवक ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर बिहार और बनारस भेजने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी की निगरानी में सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान बिहार के पटना जिले के अथमलगोला निवासी 20 वर्षीय उमेश कुमार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद तीन ट्रॉली बैग से करीब 33 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। साथ ही उसके पास से सैमसंग कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसकी जांच की जा रही है।
सिटी एसपी ने बताया कि बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 16.5 लाख रुपये है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में अब तक उसका कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।
पुलिस का मानना है कि यह मामला अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि ओडिशा से यह खेप किसके निर्देश पर बिहार और बनारस भेजी जा रही थी तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

