Breaking
Sat. Sep 26th, 2026

टेल्को में बंद पड़े क्वार्टर को बनाया निशाना, लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर

जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद पड़े क्वार्टर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर नंबर-3 की है, जहां टाटा मोटर्स के कर्मचारी मोहम्मद रिजवान अपने परिवार के साथ रहते हैं।

बताया गया है कि मोहम्मद रिजवान का परिवार किसी काम से मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अपने आवास गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने घर सूना देख मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली तथा अलमारी में रखे करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकद राशि चोरी कर फरार हो गए।

जब परिवार के सदस्य वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी खुली हुई थी तथा उसमें रखे गहने और नकदी गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल टेल्को थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Post