जमशेदपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा माई भारत के तत्वावधान में रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के सहयोग से विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत युवा संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांत और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को सशक्त बनाना तथा उन्हें देश के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम से जुड़े युवाओं के साथ सीधा संवाद रहा। इस दौरान प्रधानमंत्री ने सीमांत गांवों के विकास, युवाओं की भूमिका, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण और ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों पर अपने विचार साझा किए। इस संवाद में देश के 245 जिलों से पांच हजार से अधिक युवाओं ने भाग लिया।
पूर्वी सिंहभूम जिले से भी माई भारत के 20 स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की और प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना। इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन, जिला युवा अधिकारी मोंटू पातर तथा जिला सूचना विज्ञान अधिकारी किशोर प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के साथ-साथ सीमांत और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

