Breaking
Sun. Jul 26th, 2026

शिक्षा विभाग में कॉपी खरीद में अनियमितता की जांच की मांग, भाजपा ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री हेमन्त कुमार केशरी ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार को ज्ञापन सौंपकर शिक्षा विभाग में कॉपी खरीद सहित विभिन्न आपूर्ति कार्यों में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि जिले के शिक्षा विभाग में पिछले कई वर्षों से विभिन्न सामग्रियों की खरीद बाजार मूल्य से अधिक दर पर किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। आरोप लगाया गया है कि विशेष रूप से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में होने वाली खरीद और निविदा प्रक्रिया को लेकर समय-समय पर अनियमितताओं की शिकायत मिलती रही है।

हेमन्त कुमार केशरी ने कहा कि कुछ वर्ष पहले कस्तूरबा विद्यालयों में मुर्गा, अंडा सहित अन्य सामग्रियों की बाजार से अधिक कीमत पर खरीद की शिकायत की गई थी। जांच में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले वर्ष पीएम श्री विद्यालयों में लगभग ₹2 करोड़ की सामग्री खरीद में कथित गड़बड़ी की शिकायत उपायुक्त से की गई थी। मामले की जांच हुई और अनियमितता सामने आने की जानकारी मिली, लेकिन सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत जांच रिपोर्ट की प्रति मांगने के बावजूद उपलब्ध नहीं कराई गई।

भाजपा ने आरोप लगाया है कि वर्तमान में कस्तूरबा एवं अन्य आवासीय विद्यालयों में कॉपी खरीद में भी बाजार से अधिक कीमत पर आपूर्ति किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। पार्टी ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिक्षा विभाग में वर्षों से एक ही आपूर्तिकर्ता समूह का प्रभाव बना हुआ है और निविदा प्रक्रिया में कथित अनियमितताएं की जा रही हैं। भाजपा ने उपायुक्त से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Post