Breaking
Sun. Jul 26th, 2026

कदमा में सड़क हादसे में किशोर की मौत, साथी घायल; दुर्घटना की वजह की जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गणेश पात्रो के रूप में हुई है। वहीं घायल निखिल साहू का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर एक बाइक पर सवार थे। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना का वास्तविक कारण क्या था, इसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

दुर्घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया। गणेश पात्रो की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया। हालांकि टीएमएच पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दूसरी ओर, घायल निखिल साहू के एक हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। उसका उपचार जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

इधर, मृतक के शव के पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों और प्रशासन के बीच असहमति की स्थिति बनी हुई है। परिजनों का कहना है कि वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते, जबकि प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि सड़क दुर्घटना में कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम आवश्यक है और इसके बिना शव परिजनों को नहीं सौंपा जा सकता। फिलहाल आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं कदमा थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

Related Post