Breaking
Fri. Jul 24th, 2026

22 सितंबर से शुरू होगी पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग, तीन वर्षों के लिए जिला क्रिकेट संघ और आयोजक कंपनी के बीच हुआ एकरारनामा

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम में पहली बार आईपीएल और झारखंड टी-20 लीग की तर्ज पर पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग का आयोजन 22 सितंबर से बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम, चाईबासा में किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ और आयोजक कंपनी स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड के बीच तीन वर्षों के लिए एकरारनामा पर हस्ताक्षर किए गए।

जिला क्रिकेट संघ की ओर से महासचिव असीम कुमार सिंह तथा स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से निदेशक पियुष आनंद ने जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों की मौजूदगी में एकरारनामा पर हस्ताक्षर कर उसकी प्रति एक-दूसरे को सौंपी।

महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें चाईबासा चैलेंजर्स, सारंडा स्ट्राइकर, जगन्नाथपुर टाइगर्स, किरीबुरु ब्लास्टर्स, चक्रधरपुर रॉयल्स और नोवामुंडी टाइटंस शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि विजेता टीम को 10 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक मैच के मैन ऑफ द मैच को स्मार्ट वॉच, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को स्मार्टफोन तथा पूरे टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को बाइक या स्कूटी पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी।

स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पियुष आनंद ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मैचों का सीधा प्रसारण फैनकोड पर किया जाएगा। खिलाड़ियों का चयन जिला क्रिकेट संघ द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर ए, बी और सी श्रेणी में विभाजित कर नीलामी के माध्यम से किया जाएगा। ए श्रेणी में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी, बी श्रेणी में जिला स्तर के खिलाड़ी और सी श्रेणी में स्थानीय लीग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक टीम में झारखंड के रणजी ट्रॉफी खिलाड़ियों को आइकॉनिक खिलाड़ी के रूप में भी शामिल किया जाएगा।

Related Post