Breaking
Thu. Jul 23rd, 2026

नीति आयोग की डेल्टा रैंकिंग में गुदड़ी ने पूरे पूर्वी भारत में मारी बाजी, विकास का मॉडल बनेगा पश्चिमी सिंहभूम : उपायुक्त मनीष कुमार

चाईबासा: नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत जनवरी–मार्च 2026 की डेल्टा रैंकिंग में पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड ने पूरे पूर्वी भारत में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह केवल एक रैंकिंग नहीं, बल्कि जिले में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसहभागिता और प्रशासनिक टीम की निरंतर मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य सिर्फ बेहतर रैंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सरकारी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण लाभ पहुंचाना है। आने वाले समय में भी सभी विकास संकेतकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए पश्चिमी सिंहभूम को राज्य ही नहीं, देश के अग्रणी मॉडल जिलों में शामिल करने की दिशा में लगातार कार्य किया जाएगा।

उपायुक्त ने इस सफलता का श्रेय गुदड़ी प्रखंड के पदाधिकारियों, कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं, शिक्षकों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी को दिया। उन्होंने कहा कि “नीति तारा” पहल के तहत स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, आजीविका, आधारभूत संरचना, वित्तीय समावेशन और सुशासन जैसे क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से काम किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने बताया कि गुदड़ी में अपनाए गए नवाचारों और कार्यप्रणाली को जिले के अन्य प्रखंडों में भी लागू किया जाएगा, ताकि समावेशी और सतत विकास को नई गति मिल सके।

Related Post