Breaking
Thu. Aug 13th, 2026

यंग इंडियंस जमशेदपुर का ‘पंख 2026’ कल, छात्रों को मिलेगा करियर विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर

Jamshedpur: युवाओं को भविष्य के बेहतर करियर विकल्पों की जानकारी देने और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यंग इंडियंस (Yi) जमशेदपुर द्वारा नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल के सहयोग से ‘पंख 2026’ करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन 24 जुलाई (शुक्रवार) को किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल परिसर में आयोजित होगा।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक करियर विकल्पों से आगे बढ़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंटेंट क्रिएशन, स्टार्टअप, भारतीय सेना, एविएशन, हॉस्पिटैलिटी, डिजाइन, फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्सेज और पब्लिक रिलेशंस जैसे उभरते क्षेत्रों की जानकारी देना है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राएं विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर सकेंगे और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर प्राप्त करेंगे।

कार्यक्रम में निभा शर्मा (पीआर एवं कम्युनिकेशन), श्रद्धा अग्रवाल (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), अदिति मुरारका (कंटेंट क्रिएशन एवं डिजिटल मीडिया), कोयेशा मुखर्जी (स्टार्टअप एंटरप्रेन्योरशिप एवं सिविल सर्विसेज), वरुण गजदार (हॉस्पिटैलिटी एवं होटल मैनेजमेंट), अपूर्वा (डिजाइन), मेजर अमित (भारतीय सेना), ऋषि (चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर), भावुक गुप्ता (ह्यूमन रिसोर्सेज) और दीपक रावलपिंडी (पायलट) अपने अनुभव साझा करेंगे।

मुख्य सत्रों के अलावा इंटरैक्टिव ब्रेकआउट डिस्कशन भी आयोजित किए जाएंगे, जहां विद्यार्थी विशेषज्ञों से अपने सवाल पूछ सकेंगे और अपनी रुचि व क्षमता के अनुरूप करियर चुनने के लिए व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।

यंग इंडियंस (Yi) जमशेदपुर का कहना है कि ‘पंख 2026’ का उद्देश्य विद्यार्थियों के दृष्टिकोण का विस्तार करना, उन्हें भविष्य की नई संभावनाओं से अवगत कराना और सही करियर चयन के लिए प्रेरित करना है। संस्था ने इस आयोजन में सहयोग के लिए नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल, सभी वक्ताओं, सहभागी विद्यालयों और स्वयंसेवकों का आभार भी व्यक्त किया।

Related Post