Breaking
Wed. Jul 22nd, 2026

नगरकट्टा में ग्रामीणों की बैठक, विकास योजनाओं और स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की मांग पर बनी सहमति

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी प्रखंड अंतर्गत नगरकट्टा गांव में ग्रामीण मुंडा भगवान बिरुवा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मझगांव प्रखंड के पांडुकी में हाल ही में हुई घटना, गांव के विकास, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सामाजिक एकता और सौहार्द बनाए रखने सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में गांव के बुद्धिजीवियों, महिलाओं, युवाओं और युवतियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान आदिवासी हो समाज युवा महासभा के पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा ने वर्तमान में चल रही एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इससे संबंधित आवश्यक जागरूकता प्रदान की।

बैठक में नगरकट्टा गांव में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गांव में नए स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की मांग को लेकर जल्द ही पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त को मांग-पत्र सौंपा जाएगा, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

इसके अलावा हो समाज की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मानकी-मुंडा आवास निर्माण, देशाउली (पारंपरिक पूजा स्थल) की घेराबंदी तथा गांव की जर्जर सड़क के निर्माण की मांग पर भी चर्चा की गई। वहीं मझगांव प्रखंड के पांडुकी में हाल ही में हुई घटना पर ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से आवश्यक और त्वरित कार्रवाई की मांग की।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मंझारी प्रखंड स्तर पर सामाजिक बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी के साथ एक व्यापक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास संबंधी मुद्दों पर विचार-विमर्श कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

बैठक में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के जिला सचिव ओयबन हेम्ब्रम, भगवान बिरुवा, शेरसिंह बिरुवा, बुदिया बिरुवा, बाबेन बिरुवा, मंगल सिंह सांडिल, लक्ष्मी बिरुवा, मानी बिरुवा, महती गोप, गोदादर गोप, मोनसा बिरुवा, मुकेश गोप, कनय सांडिल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। बैठक का समापन सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और गांव के समग्र विकास के लिए सामूहिक सहयोग के संकल्प के साथ हुआ।

Related Post