आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विद्युतनगर रेलवे ट्रैक पर सोमवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र और पहचान का अब तक पता नहीं चल सका है। उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को सूचना भेजी गई है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतका की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

