Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चयनित आयुष चटर्जी का हुआ सम्मान, देव कुमार बनर्जी ने दी शुभकामनाएं

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराइकेला निवासी बाल क्रिकेट खिलाड़ी आयुष चटर्जी के टेनिस बॉल क्रिकेट के राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण शिविर के लिए चयनित होने पर उनका सम्मान किया गया। आयुष आगामी सितंबर माह में गोवा में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे।

इस अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम खेल प्रेमी समिति के अध्यक्ष देव कुमार बनर्जी ने आयुष चटर्जी को क्रिकेट बैट, क्रिकेट यूनिफॉर्म तथा एक स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा और खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।

देव कुमार बनर्जी ने कहा कि जिले के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रहे हैं, जो पूरे पश्चिमी सिंहभूम के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ियों को समय-समय पर प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है। इससे अन्य बच्चों को भी खेल के प्रति प्रेरणा मिलती है और वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आयुष चटर्जी प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम खेल प्रेमी समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष ओलंपिक दिवस के अवसर पर जिले के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है। हालांकि इस वर्ष कुछ कारणों से यह कार्यक्रम निर्धारित समय पर आयोजित नहीं हो सका। इसी क्रम में आयुष चटर्जी के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए चयनित होने के अवसर पर उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।

समिति के इस सम्मान समारोह की खेल प्रेमियों ने सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयासों से जिले के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलती है।

Related Post