चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने शनिवार को गोईलकेरा प्रखंड के किटापी, कुरकुटिया और चीनीबाड़ी गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान भाजपा गोईलकेरा मंडल अध्यक्ष हरिचरण बाहंदा, रामेश्वर बाहंदा तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
दौरे के दौरान गीता कोड़ा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर भी ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से समय पर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, सुरक्षा और यातायात से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं कमजोर हैं। अस्पतालों में चिकित्सकों, दवाओं और आवश्यक संसाधनों की कमी के कारण लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में मलेरिया और डायरिया की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने, नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाने और पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
ग्रामीणों ने शुद्ध पेयजल की समस्या का भी मुद्दा उठाते हुए प्रत्येक गांव में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों ने बताया कि खेती का मौसम होने के बावजूद अब तक बीज उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कई सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल रहा है।
गीता कोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार को ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, कृषि और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मलेरिया और डायरिया की रोकथाम के लिए गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जानी चाहिए तथा प्रत्येक परिवार को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने किसानों को समय पर बीज और अन्य कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए भाजपा लगातार प्रयास करेगी।

