चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) पश्चिमी सिंहभूम के तत्वावधान में शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में एनआई एक्ट (चेक बाउंस) से संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए अध्यक्ष मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में हुआ।
विशेष लोक अदालत में चार बेंचों के माध्यम से कुल 187 मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निपटारा किया गया। इस दौरान 1 करोड़ 40 लाख 26 हजार 974 रुपये की राशि का सैटलमेंट हुआ।
इस अवसर पर मौहम्मद शाकिर ने कहा कि विशेष लोक अदालत आज न्यायिक व्यवस्था का प्रभावी माध्यम बन चुकी है और इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से ऐसे मामलों का आपसी सहमति से समाधान कर समय और धन की बचत करने की अपील की।
डीएलएसए के सचिव रवि चौधरी ने बताया कि विशेष लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन के 157 मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें 1 लाख 89 हजार 867 रुपये का सैटलमेंट हुआ। वहीं विभिन्न न्यायालयों में लंबित 30 मामलों का निपटारा कर 1 करोड़ 38 लाख 37 हजार 107 रुपये का सैटलमेंट कराया गया।
उन्होंने बताया कि इन मामलों के सफल निष्पादन के लिए 3 जुलाई से 17 जुलाई तक प्री-सीटिंग आयोजित की गई थी। इसके बाद 18 जुलाई को आयोजित विशेष लोक अदालत में सभी मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया।

