चतरा: टंडवा पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टंडवा एनटीपीसी गेट नंबर दो से कमता जाने वाली सड़क पर छापेमारी कर दो लोगों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से कुल 19.72 ग्राम ब्राउन शुगर, चार मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद की गई है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।
चतरा एसपी को मिली गुप्त सूचना पर उक्त क्षेत्र में अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए टंडवा एएसपी प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश कुमार (25 वर्ष), पिता लखन साव, निवासी पचड़ा, थाना केरेडारी, जिला हजारीबाग तथा विकाश कुमार महतो (24 वर्ष), पिता कौल्हा महतो, निवासी नईपारम, थाना टंडवा, जिला चतरा के रूप में हुई है।
टंडवा थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर ने बताया कि राजेश कुमार के पास से 9.01 ग्राम ब्राउन शुगर (प्लास्टिक सहित), एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल, एक ACE कंपनी का कीपैड मोबाइल और एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन बरामद हुई। वहीं विकाश कुमार महतो के पास से 10.71 ग्राम ब्राउन शुगर (प्लास्टिक सहित) तथा वीवो कंपनी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए।
छापेमारी दल में टंडवा एएसपी प्रभात रंजन बरवार, टंडवा इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार तथा टंडवा थाना के रिजर्व गार्ड के सशस्त्र जवान शामिल थे।

