जमशेदपुर। शहर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र बिष्टुपुर बाजार में शुक्रवार देर रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर करीब 1.90 लाख रुपये नकद की चोरी कर ली। एक ही रात में दो दुकानों में हुई सेंधमारी की घटना से बाजार के व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, चोर सबसे पहले राकेश कुमार के श्याम जनरल स्टोर पहुंचे। दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे बदमाशों ने गल्ले में रखे करीब एक लाख रुपये नकद निकाल लिए। इसके बाद चोरों ने पास स्थित अब्दुल कलाम की फल दुकान को भी निशाना बनाया और वहां रखी पेटी से करीब 90 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
शनिवार सुबह जब दोनों दुकानदार अपनी-अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे देख उनके होश उड़ गए। दुकान के भीतर रखी नकदी गायब मिलने पर उन्होंने तत्काल आसपास के व्यापारियों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना बिष्टुपुर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

