जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के शंकोसाईं इलाके में शुक्रवार को एक युवक पर चापड़ और पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक की पहचान बालीगुमा निवासी अमन सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घायल अमन सिंह ने बताया कि वह अपने मित्र आदित्य के साथ शंकोसाईं स्थित जेपी स्कूल के सामने गोलगप्पा खाने गया था। इसी दौरान उसके कुछ पूर्व परिचित रोहन नामक युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और बिना किसी बातचीत के अचानक उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले पत्थरों से हमला किया और फिर चापड़ से वार कर उसे घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
अमन सिंह का कहना है कि उसका हमलावरों से किसी प्रकार का विवाद नहीं था। वह इस बात से हैरान है कि आखिर किन कारणों से उसके पूर्व परिचितों ने उस पर जानलेवा हमला किया। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि घायल के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

