Breaking
Fri. Jul 17th, 2026

मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली के विरोध में जदयू का आंदोलन, 27 जुलाई को धरना देने का निर्णय

जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की कार्यशैली और विकास योजनाओं में हो रही देरी को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। शुक्रवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की मौजूदगी में बिष्टुपुर स्थित उनके कार्यालय में जदयू कार्यकर्ताओं और मानगो जनसुविधा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम की कथित लापरवाही, बदहाल सफाई व्यवस्था और लंबित विकास कार्यों के विरोध में 27 जुलाई को मानगो नगर निगम कार्यालय के समीप धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में करोड़ों रुपये की 38 विकास योजनाएं अब भी अधूरी पड़ी हैं। इनमें कई योजनाओं का शिलान्यास वर्ष 2025 और 2026 में किया जा चुका है, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं हो पाया है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने और संवेदकों के चयन के बावजूद निर्माण कार्य लंबित है, जिससे लोगों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।

बैठक के दौरान नित्यानंद कॉलोनी, देशबंधु लाइन और आसपास के इलाकों में हर वर्ष होने वाली जलजमाव और बाढ़ की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। बताया गया कि इन क्षेत्रों को राहत देने के लिए चार बड़े नालों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार की योजना स्वीकृत होने के बाद अप्रैल 2026 में निविदा भी जारी की गई थी। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि यदि समय पर काम शुरू हो जाता तो इस वर्ष बरसात के दौरान लोगों को राहत मिल सकती थी।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि मानगो के प्रत्येक वार्ड में दो-दो सदस्यों की समितियां बनाई जाएंगी। ये समितियां स्थानीय समस्याओं की निगरानी करेंगी और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामलों को उठाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि जदयू कार्यकर्ता और मानगो जनसुविधा समिति संयुक्त रूप से बड़े नालों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे और उसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उन्हें सौंपेंगे।

बैठक में कार्यकर्ताओं ने कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप था कि नगर निगम चुनाव के बाद कुछ असामाजिक तत्वों का प्रभाव बढ़ा है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। साथ ही यह भी कहा गया कि हाल में विधायक सरयू राय के एक बयान को गलत ढंग से प्रस्तुत कर उनका पुतला दहन किया गया और उनके चित्र के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इस मामले में उलीडीह थाना में शिकायत दर्ज होने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं होने पर कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा।

बैठक में जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, मानगो जनसुविधा समिति के संयोजक पप्पू सिंह सहित बड़ी संख्या में जदयू पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post