बोकारो। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए बोकारो पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुप्त सूचना के आधार पर चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के चुट्टे (खरना) बाजारटॉड में छापेमारी कर एक घर से विदेशी (अंग्रेजी) शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से शराब कारोबारी कुंजलाल महतो को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं उत्पाद अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि चतरोचट्टी क्षेत्र में अवैध विदेशी शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गोमिया अंचल के पुलिस निरीक्षक अनिल कच्छप के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने चुट्टे (खरना) बाजारटॉड स्थित कुंजलाल महतो के घर की विधिवत तलाशी ली, जहां विभिन्न नामी कंपनियों की बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।
पुलिस ने मौके से गॉड फादर, बैड मंकी, 8 पीएम, रॉयल स्टैग, रॉयल झारखंड और मैकडॉवेल्स समेत विभिन्न ब्रांडों की कुल 99 बोतलें और 24 बीयर कैन/बोतल (विभिन्न क्षमता) बरामद कर जब्त कर लीं।
पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब की आपूर्ति कहां से होती थी, इसका नेटवर्क किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मामले में चतरोचट्टी थाना कांड संख्या-36/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 274, 275, 292 तथा 47A उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर विस्तृत अनुसंधान जारी है।
बोकारो पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा आम लोगों से भी अपील की गई है कि अवैध शराब के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

