Breaking
Wed. Jul 15th, 2026

रक्षाबंधन पर स्कूलों से ही होगी राखियों की स्पीड पोस्ट, हाथ की बनी राखियों की होगी विशेष प्रतियोगिता, डाक विभाग ने शुरू की विशेष पहल

चाईबासा: रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों की राखी समय पर भाइयों तक पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने इस वर्ष विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत स्कूलों और कॉलेजों से ही राखियों की स्पीड पोस्ट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों के लिए हाथ से बनी राखी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।

इस संबंध में बुधवार को चाईबासा प्रधान डाकघर में सहायक डाक अधीक्षक शंकर कुजूर और प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर किशोर कुमार की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को डाकघरों की लंबी कतारों से राहत देना और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति तथा भाई-बहन के पवित्र रिश्ते से जोड़ना है।

शंकर कुजूर ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। डाक विभाग चाहता है कि दूरी चाहे जितनी भी हो, हर भाई तक उसकी बहन की राखी समय पर पहुंचे। इसी सोच के साथ इस वर्ष स्कूलों और कॉलेजों में विशेष सुविधा शुरू की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राएं अपने हाथों से राखी तैयार करेंगे। इसके बाद डाक विभाग की विशेष टीम संबंधित स्कूल पहुंचकर वहीं से स्पीड पोस्ट के माध्यम से राखियों को उनके भाइयों के पते पर भेजने की प्रक्रिया पूरी करेगी। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को अलग से डाकघर आने की आवश्यकता नहीं होगी। विभाग का मानना है कि इससे बच्चों की रचनात्मकता बढ़ेगी और भारतीय डाक सेवा के प्रति उनका जुड़ाव भी मजबूत होगा।

प्रतियोगिता में प्रत्येक स्कूल से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 10 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा पूरे मंडल से चुने गए 10 सबसे उत्कृष्ट और रचनात्मक प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार दिया जाएगा।

बरसात के मौसम को देखते हुए डाक विभाग ने विशेष वाटरप्रूफ लिफाफों की भी व्यवस्था की है, ताकि राखियां भीगने या खराब होने से बच सकें। ये लिफाफे मुख्य डाकघर के साथ-साथ ग्रामीण डाकघरों में भी उपलब्ध रहेंगे।

किशोर कुमार ने बताया कि इस विशेष सेवा का कुल शुल्क 70 रुपये रखा गया है। इसमें 10 रुपये वाटरप्रूफ लिफाफे की कीमत, 55 रुपये स्पीड पोस्ट शुल्क और 5 रुपये अन्य व्यवस्था शुल्क शामिल है।

उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान भीड़ को देखते हुए सभी प्रमुख डाकघरों में विशेष काउंटर बनाए जाएंगे। साथ ही राखियों की समय पर और सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए डाक विभाग की विशेष टीम भी तैनात रहेगी।

Related Post