Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, बोर्ड टॉपर्स को ट्रॉफी और प्रशस्ति-पत्र से नवाजा

जमशेदपुर: 14 जुलाई: बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल, कदमा में मंगलवार को सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कक्षा 10 (एआईएसएसई) और कक्षा 12 (एआईएसएससीई) के मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, अभिभावक, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण, स्वागत गीत, अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन और प्रार्थना नृत्य से हुई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को प्रेरणादायी और उत्साहपूर्ण बना दिया।

समारोह में बाल्डविन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक (प्रशासन) एवं बाल्डविन अकादमी सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन सिन्हा, बाल्डविन अकादमी सोसायटी के सचिव प्रभास कुमार, निदेशक (अकादमिक) एवं राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित डॉ. अशोक सिंह, गवर्निंग बॉडी के सदस्य सुनील पासचल और अजय कुमार, विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शुभश्री सरकार तथा विद्यालय के प्रशासक सचिन कुमार मौजूद रहे।

सम्मानित विद्यार्थियों में कक्षा 12 की अफराह इमाम ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कक्षा 10 में सौर्यश प्रमाणिक ने 95.4 प्रतिशत अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं शृष्टि प्रकाश ने जीवविज्ञान विषय में 100 में 100 अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। इसके अलावा विद्यालय के अन्य टॉपर्स, स्ट्रीम टॉपर्स, विषयवार टॉपर्स तथा कक्षा 10 और 12 के कमेंडेबल परफॉर्मेंस अवार्ड प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में डॉ. राजीव रंजन सिन्हा ने विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों के समर्पण का भी प्रतिफल है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

निदेशक (अकादमिक) डॉ. अशोक सिंह ने बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, सीखने की ललक और उत्कृष्टता की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।

समारोह के दौरान प्रस्तुत बधाई गीत ने आयोजन के उत्साह को और बढ़ा दिया। अंत में प्राचार्या डॉ. शुभश्री सरकार ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए विद्यालय प्रबंधन, अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के सम्मान समारोह विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। यह आयोजन बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल की शैक्षणिक उत्कृष्टता और मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता का परिचायक रहा।

Related Post