Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों को बंधाया ढांढ़स

रांची। झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री अपनी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ झारखंड विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत मन्नान मल्लिक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे तथा विशेष रूप से धनबाद सहित पूरे झारखंड की जनता की समस्याओं और आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य किया। उनके निधन से राज्य ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है। उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने मन्नान मल्लिक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन समय में हर संभव संबल का भरोसा दिलाया।

गौरतलब है कि पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मंगलवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

Related Post