चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के तोनांगहातु गांव स्थित कड़ासाई टोला में सोमवार सुबह घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पारिवारिक कलह के दौरान पति ने कथित तौर पर गमछे से पत्नी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका की पहचान शुरू कुई के रूप में हुई है। बताया गया कि उनकी शादी वर्ष 2012 में कानूराम डिग्गी के साथ हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए थे। परिजनों का आरोप है कि कानूराम ने पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद वह शुरू कुई के साथ अक्सर मारपीट और प्रताड़ना करता था।
ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब 20 दिन पहले गांव के लोगों और सामाजिक स्तर पर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद उनके संबंध सामान्य नहीं हो सके और घर में विवाद लगातार बना रहा।
सोमवार सुबह किसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कानूराम ने गुस्से में आकर गमछे से पत्नी का गला घोंट दिया। दम घुटने से महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने गांव के मुंडा को सूचना दी। इसके बाद जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू दास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी पति कानूराम डिग्गी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

