Breaking
Mon. Jul 13th, 2026

गोड्डा ज्वेलरी शोरूम लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार, बाइक, नकदी और गलाया हुआ सोना बरामद

गोड्डा। गोड्डा नगर थाना क्षेत्र स्थित बंगाल ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल, देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, 41,500 रुपये नकद तथा लूटे गए सोने के आभूषणों को गलाकर बनाए गए सोने के टुकड़े बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 की शाम तीन हथियारबंद अपराधियों ने गोड्डा के बंगाल ज्वेलर्स में घुसकर दुकान मालिक बासुदेव रॉय को हथियार के बल पर आतंकित किया। अपराधियों ने फायरिंग करते हुए दुकान से आभूषण और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद 9 जुलाई को नगर थाना में कांड संख्या 125/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गहन अनुसंधान करते हुए आसपास के जिलों में हुई समान लूट की घटनाओं में शामिल अपराधियों और उनके सहयोगियों की गतिविधियों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान मामले में संलिप्त दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवघर जिले के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के पड़रिया निवासी 24 वर्षीय अजीत यादव तथा रिखिया थाना क्षेत्र के ठाड़ी गांव निवासी 38 वर्षीय राजेश यादव के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर नीले रंग की टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल, एक देशी पिस्टल, एक मैगजीन, चार जिंदा गोलियां, 41,500 रुपये नकद तथा करीब 39.93 ग्राम वजन का गलाया हुआ सोना बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि यह सोना लूटे गए आभूषणों को गलाकर तैयार किया गया था।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अजीत यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ देवघर के सारवां और मोहनपुर थाना सहित जामताड़ा थाना में लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत पहले से मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि इस कांड में शामिल फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पूरे अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ आकाश भारद्वाज और डीएसपी (मुख्यालय) जयप्रकाश नारायण चौधरी ने किया। कार्रवाई में नगर थाना, पथरगामा, पोड़ैयाहाट, ललमटिया, बोआरीजोर, मोतिया ओपी, तकनीकी शाखा तथा अन्य थाना प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम शामिल रही।

Related Post